राजभवन मार्च के दौरान 'जाप' कार्यकर्ता को लगा आंसू गैस का गोला, हालत गंभीर

पटना पुलिस की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है. जन अधिकार पार्टी के कार्यकर्ताओं के राजभवन मार्च के दौरान चलाए गए आंसू गैस के गोले से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है. बताया जा रहा है कि गया का रहने वाला पंकज को आंसू गैस के गोले से इतनी गंभीर चोट लगी कि वह मौके पर ही गिर गया, उसके सिर से खून निकलने लगा. आनन-फानन में उसे पीएमसीएच में भर्ती करवाया गया है.

पप्पू यादव के नेतृत्व में जाप कार्यकर्ता राजभवन मार्च कर रहे थे। इसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले चलाए और वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया. इसी दौरान युवक को गोला लग गया और वह वहीं गिर पड़ा. बाद में पुलिसकर्मियों ने खून से लथपथ युवक को उठाया और पीएमसीएच भेजा है. जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.

आपको बता दें कि अपराध, शिक्षा और किसानों के सवाल पर जन अधिकार पार्टी  ने राजभवन मार्च का आयोजन किया था. इसी दौरान जाप कार्यकर्ताओं का जुलूस राजभवन की ओर जा रहा था. पुलिस ने उस जुलूस को रोकना चाहा लेकिन बताया जा रहा है कि जाप कार्यकर्ताओं द्वारा पत्थरबाजी शुरू कर दी गई.



Comments